राष्ट्र निर्माण में एक विश्वसनीय भागीदार तथा पूंजीगत वस्तु क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान के रूप में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) भारत की प्रगति को गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग, विनिर्माण क्षमता, परियोजना निष्पादन विशेषज्ञता तथा बिक्री-पश्चात सेवाओं के समन्वय के साथ, बीएचईएल विद्युत, परिवहन, रक्षा, एयरोस्पेस, तेल एवं गैस तथा प्रक्रिया उद्योगों सहित विभिन्न क्षेत्रों की व्यापक आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है। थर्मल, हाइड्रो, गैस, परमाणु एवं सौर ऊर्जा क्षेत्रों में भारत के विद्युत उत्पादन क्षमता में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ, बीएचईएल देश की ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढाँचा विकास तथा आत्मनिर्भरता के उद्देश्यों को साकार करने में एक प्रमुख सक्षमकर्ता के रूप में निरंतर कार्य कर रहा है।

बीएचईएल की स्थापना वर्ष 1964 में एक सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (पीएसयू) के रूप में की गई थी, वर्तमान में बीएचईएल में भारत सरकार की 58.17% इक्विटी हिस्सेदारी है। देश भर में फैली 16 विनिर्माण इकाइयों से युक्त सुदृढ़ विनिर्माण नेटवर्क के साथ, बीएचईएल के पास घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु विभिन्न प्रकार की पूंजीगत वस्तुओं के डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण एवं आपूर्ति की व्यापक क्षमताएँ उपलब्ध हैं।
बीएचईएल एक सुदृढ़ आंतरिक नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र (Innovation Ecosystem) का लाभ उठाता है, जो विभिन्न क्षेत्रों के लिए उन्नत समाधानों के सृजन एवं व्यावसायीकरण को प्रोत्साहित करता है। इस क्षमता को शीर्ष वैश्विक मूल उपकरण निर्माताओं (OEMs) के साथ रणनीतिक साझेदारियों द्वारा और सशक्त बनाया गया है, जिससे अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का निरंतर समावेश सुनिश्चित होता है। भविष्य उन्मुख विकास के प्रति प्रतिबद्ध बीएचईएल अपनी नवाचार रणनीति को निरंतर बड़े वित्तीय निवेश के माध्यम से समर्थन प्रदान करता है तथा अनुसंधान एवं विकास (आर&डी) के लिए अपने राजस्व का लगभग 2.4% निवेश करता है।
बीएचईएल में ग्राहक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को दीर्घकालिक मूल्य सृजन के अभिन्न एवं परस्पर सुदृढ़ करने वाले स्तंभों के रूप में देखा जाता है। सशक्त कॉर्पोरेट नागरिकता की भावना से प्रेरित होकर, कंपनी अपने व्यवसाय का संचालन इस प्रकार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक प्रगति एवं पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके। विभिन्न पहलों के माध्यम से बीएचईएल सामुदायिक विकास में सक्रिय योगदान दे रहा है, जिसमें विशेष रूप से कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।
Back to previous page | Page last updated date : 11-08-2026